ओलावृष्टि और बारिश से किसानों की फसल हुई बर्बाद, जायजा लेने खेतों में पहुंचे – कलेक्टर
जिला दतिया (म.प्र.)
समाचार
ओलावृष्टि और बारिश से किसानों की फसल हुई बर्बाद, जायजा लेने खेतों में पहुंचे – कलेक्टर
खेतों में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन किया, किसानोें को फसल का सही आंकलन के बाद आर्थिक मदद देने का भरोसा दिलाया
दतिया 04 मार्च 2024/जिले में पिछले कई दिनों से मौसम बेहद खराब बना हुआ है. बारिश, और ओलावृष्टि से किसानों की फसल बर्बाद हो गई है. किसानों की खून-पसीने की कमाई पर मौसम की इस माह से हर किसान टूटा हुआ नजर आ रहा है। कलेक्टर श्री संदीप माकिन खुद प्रभावित फसलों का जायजा लेने खेत तक पहुंचे तथा ओलावृष्टि और बारिश से किसानों की बर्वाद हुई फसल का मुआयना करने के लिए कलेक्टर श्री माकिन राजस्व टीम के साथ खेतों में पहुंचे। उन्होंने मौके पर जाकर किसानों से बात की और राजस्व टीम को सर्वे करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री माकिन ने खराब हुई फसलों का जायजा लेने के लिये किसानों और सर्वे दल के साथ गांवों में खेतों पर पहुंचे। श्री माकिन ने खेत में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन किया। उन्होने किसानोें को आकलन के बाद आर्थिक मदद देने का भरोसा दिलाया, वहां उन्होंने राजस्व और कृषि अमले के साथ फसलों का जायजा लिया। साथ ही ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी परेशानी समझी। हालांकि इस दौरान सालों से की गई मेहनत खबर होने के चलते ग्रामीण बुरी तरह से परेशान थे।
कलेक्टर श्री माकिन ने आज ग्राम पंचायत हतलव, गणेशखेड़ा का भ्रमण कर असमय बारिश और ओलावृष्टि के कारण हुए फसल नुकसान का जायजा लिया. इस दौरान कलेक्टर ने किसान भाइयों से चर्चा भी की और आश्वस्त किया कि फसल नुकसान का पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ सर्वे कर आंकलन किया जाएगा. प्रशासन के नियमानुसार किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी. कलेक्टर ने राजस्व विभाग, कृषि विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारियों का संयुक्त दल गठित कर फसल नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए हैं।
ईमानदारी से करें सर्वे कार्य
जिला कलेक्टर ने कहा कि पूरे मामले के सर्वे में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए. सर्वे पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ होगी और प्रत्येक प्रभावित किसान को राहत मिलेगी. इसका विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी किसान का खेत सर्वे से न छूटे. कलेक्टर ने ऐसे व्यक्तियों की जानकारी भी संकलित करने के निर्देश दिए हैं।
आसमान से गिरे तबाही के ओले
जिले के विभिन्न क्षेत्र ग्राम नुनवाहा, कटीली, बनवास, नौनेर, गणेशखेड़ा ,हतलव, खैरी, मकौनी, राजापुर ,खटोला, लरायटा विकासखंड के तहत आने वाले गांव में खेतों में खड़ी फसल ओलावृष्टि और पानी से पूरी तरह से तबाह हो गई. क्षेत्र में बड़े साइज के ओले गिरने से काफी क्षति हुई है. इसके चलते अब इन इलाकों के किसान बहुत परेशान हैं. इस हालत का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन खेतों में पहुंच रहा है. हालांकि अभी नुकसान का अनुमान लगाना संभव नहीं हो पा रहा है.।
नुकसान की सर्वे रिपोर्ट तैयार होगी
दो दिनों के भीतर बड़े साइज के ओले गिरने के कारण गेहू चना और दलहन फसलों को सबसे ज्यादा क्षति हुई है. कलेक्टर के निर्देश पर विभिन्न विकासखंड में राजस्व टीम खेतों में पहुंचकर मौसम के इस मार से हुए नुकसान का सर्वे रिपोर्ट तैयार करने में जुट गई है।
——–0000——-
लोक स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती उइके आज को जिले के एक दिवसीय प्रवास पर रहेंगी
दतिया 04 मार्च 2024/ मध्य प्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री श्रीमती संपतिया उईके 4 मार्च 2024 को भोपाल से झांसी के लिए प्रस्थान कर 5 मार्च को रात्रि 12.55 बजे झांसी स्टेशन आगमन एवं रात्रि 1.15 बजे झांसी से दतिया के लिए प्रस्थान कर रात्रि 2 बजे दतिया सर्किट हाउस आगमन एवं रात्रि विश्राम करेंगी। प्रातः 9 से 11 बजे तक मां पीताम्बरा माई की आरती एवं दर्शन लाभ लेंगे। दोपहर 12 बजे दतिया सर्किट हाउस आगमन एवं आमजनता/कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगी। दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक में भाग लेंगी। सायं 4.15 कलेक्ट्रेट से सर्किट हाउस पहुंचेगी। सायं 6.15 बजे दतिया से झांसी रेल्वे स्टेशन के लिए प्रस्थान कर सायं 7 बजे झांसी रेल्वे स्टेशन आगमन एवं चित्रकूट के लिए प्रस्थान करेंगी।
——–0000——-
स्वीप की गतिविधियां 5 मई तक साप्ताहिक रूप से प्रारंभ की जाएगी
दतिया 04 मार्च 2024/ मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नोडल अधिकारी (स्वीप) जिला पंचायत श्री कमलेश भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में आगामी लोकसभा आम निर्वाचन 2024 हेतु स्वीव की गतिविधियां 26 फरवरी 2024 से प्रारंभ होकर 5 मई 2024 तक प्रत्येक सप्ताह के रूप में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्तर पर प्रारंभ की जाएगी।
नोडल अधिकारी (स्वीप) ने इस संबध में प्रत्येक सप्ताह में होने वाली गतिविधियों को कलेण्डर के रूप में जारी किया है। जिसमें सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर गतिविधियों का क्रियान्वयन कर उनके स्वच्छ फोटोग्राफ एवं प्रतिवेदन प्रति सप्ताह नोडल अधिकारी स्वीप एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया कार्यालय में स्वीप सेल में भेजना सुनिश्चित करेंगे।
——–0000——-
परीक्षाओं में अनियमितता पाये जाने पर केन्द्राध्यक्ष पर होगी कार्यवाही अखिलेश राजपूत
दतिया 04 मार्च 2024/ प्राथमिक एवं माध्यमिक वार्षिक परीक्षा सत्र 2023-24 के संबंध में आज डाइट में दतिया ब्लाक के समस्त केन्द्राध्यक्षों की एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें बीआरसी दतिया अखिलेश राजपूत, दतिया ब्लाक परीक्षा प्रभारी प्रमोद जाटव एवं बी.ए.सी. विकास शुक्ला द्वारा आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये।
कक्षा 5 की वार्षिक परीक्षा 6 मार्च से 13 मार्च तक एवं कक्षा 8 की वार्षिक परीक्षा 6 मार्च से 14 मार्च तक दतिया ब्लाक के 69 परीक्षा केन्द्रों पर प्रातः 9 बजे से 11ः30 तक सचंालित होगी। इसके लिये समस्त परीक्षा केन्द्रों पर केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्षों की नियुक्ति जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई है। परीक्षा पूर्णतः बोर्ड पैटर्न पर संचालित होगी। प्रतिदिन केन्द्राध्यक्ष को पेपर संबंधित जनशिक्षा केन्द्र प्रभारी से उसी दिन प्राप्त होंगे एवं परीक्षा उपरांत उत्तर पुस्तिका कक्षा 5 हेतु सफेद कपड़े की थैली में एवं कक्षा 8 हेतु पीले कपड़े की थैली में उसी दिन संबंधित जनशिक्षा केन्द्रों पर जमा करनी होगी। वार्षिक परीक्षा 80 अंको की होगी जिसमें 60 अंक लिखित परीक्षा के एवं 20 अंक प्रोजेक्ट कार्य हेतु निर्धारित है।
बैठक में बी.आर.सी. अखिलेश राजपूत द्वारा निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की शिथिलता एवं अनियमितता न बरती जाये। केन्द्राध्यक्ष ही सम्पूर्ण व्यवस्था के लिये उत्तरदायी होंगे। परीक्षा के दौरान नकल अथवा अनुचित साधनों के उपयोग पर पर्यवेक्षक के साथ-साथ केन्द्राध्यक्ष भी जिम्मेदार होगे। वार्षिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण होने पर परीक्षार्थी को परीक्षा परिणाम की घोषणा के 02 माह के भीतर पुनः परीक्षा में सम्मिलित होने का अवसर प्रदान किया जायेगा। परीक्षा हेतु समय सारणी पृथक से जारी की जावेगी। बैठक में बी.ए.सी. श्री प्रशांत मिश्रा, श्रीमती ऋतु उपाध्याय, श्रीमती साधना श्रीवास्तव एवं एम.आर.सी.श्री बुद्ध सिंह दांगी उपस्थित थे।
——–0000——-